पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुए पीएम मोदी, UAE, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के टॉप लीडर्स संग करेंगे चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो चुके हैं।

पांच देशों की यात्रा पर रवाना हुए पीएम मोदी, UAE, नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के टॉप लीडर्स संग करेंगे चर्चा
Image Slider
Image Slider
Image Slider

दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 देशों की यात्रा पर रवाना हो चुके हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि पीएम मोदी UAE , नीदरलैंड्स, स्वीडन, नॉर्वे और इटली के दौरे पर रवाना हुए हैं। अगले 6 दिनों में PM कई विश्व नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। इस दौरे का मकसद भारत की वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह साढ़े आठ बजे UAE के लिए रवाना हुए हैं। आबू धाबी में पीएम मोदी यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल-नाहयान से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस। LPG और रणनीतिक पेट्रोलियम भंडार से जुड़े दो अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। UAE ने तेल उत्पादक देशों के समूह OPEC से बाहर निकलने का फैसला किया है। ऐसे में दोनों देशों की साझीदारी अहम हो सकती है। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक दोनों नेता द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दौरे से भारत और यूएई के बीच रणनीतिक और आर्थिक जुड़ाव और गहरा होने की उम्मीद है, जो खाड़ी क्षेत्र में भारत के खास साझेदार में से एक है।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, प्रधानमंत्री नीदरलैंड का दौरा करेंगे। वर्ष 2017 के बाद यह प्रधानमंत्री की नीदरलैंड की दूसरी यात्रा होगी। जॉर्ज ने बताया कि इस यात्रा के दौरान, वे नीदरलैंड के किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री रॉब जेटन के साथ भी बातचीत करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वीडन के गोथेनबर्ग शहर जाएंगे। वहां वे अपने स्वीडिश प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देश व्यापार और सहयोग बढ़ाने के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री यूरोपीय उद्योग जगत के बड़े मंच 'यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री' को भी संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहेंगी।

यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को नॉर्वे पहुंचेंगे। वहां वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकों में भी शामिल होंगे। दौरे के आखिरी चरण में प्रधानमंत्री मंगलवार को इटली जाएंगे। इटली में वे राष्ट्रपति सर्जियो मैटरेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बातचीत करेंगे।